भारत के उपराष्ट्रपति बने सीपी राधाकृष्णन

News24mumbai Desk : भारत के 17वें उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन चुन लिए गए। सीपी राधाकृष्णन एनडीए के उम्मीदवार थे। सीपी राधाकृष्णन ने विपक्ष के बी. सुर्दशन रेड्डी को 152 वोट से हराकर यह चुनाव जीता। सीपी राधाकृष्णन को 452 वोट मिले, जबकि रेड्डी को 300 वोट। सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज बी. सुर्दशन रेड्डी विपक्ष के उम्मीदवार थे। राज्यसभा के सेक्रेटरी जनरल पीसी मोदी ने नतीजों की घोषणा की।

कौन हैं सीपी राधाकृष्णन

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का जन्म 1957 में तमिलनाडु के तिरुप्पुर में हुआ है। राधाकृष्णन ने बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में स्नातक की पढ़ाई की है। आरएसएस के स्वयंसेवक के तौर पर 1974 में जनसंघ की राज्य कार्यकारिणी समिति के सदस्य बने। 1996 में उन्हें भाजपा का राज्य सचिव बनाया गया और दो साल बाद, 1998 में, वे पहली बार कोयंबटूर से लोकसभा पहुंचे। 1999 में वे दोबारा सांसद बने। उन्होंने कपड़ा संबंधी संसदीय स्थायी समिति की अध्यक्षता की और वित्त संबंधी परामर्शदात्री समिति सहित कई समितियों में अहम जिम्मेदारियां निभाईं। वे स्टॉक एक्सचेंज घोटाले की जांच करने वाली संसदीय विशेष समिति के सदस्य भी रहे।

19,000 किलोमीटर लंबी रथयात्रा निकाली
2004 में वे संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करने वाले भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बने। उसी वर्ष वे ताइवान गए पहले संसदीय प्रतिनिधिमंडल में भी शामिल रहे। 2004 से 2007 तक उन्होंने भाजपा तमिलनाडु इकाई की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने 93 दिन तक चली 19,000 किलोमीटर लंबी रथयात्रा निकाली, जिसमें नदियों को जोड़ने, आतंकवाद उन्मूलन, समान नागरिक संहिता और नशामुक्ति जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। 2016 में उन्हें कोच्चि स्थित कॉयर बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया, जहां उनके नेतृत्व में कॉयर निर्यात 2,532 करोड़ रुपये के उच्चतम स्तर तक पहुंचा। 2020 से 2022 के बीच वे केरल भाजपा के प्रभारी भी रहे।

झारखंड के राज्यपाल भी बने

18 फरवरी 2023 को उन्हें झारखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया। उन्होंने कार्यकाल की शुरुआती चार महीनों में राज्य के सभी 24 जिलों का दौरा किया। इसके अलावा वे कुछ समय के लिए तेलंगाना के राज्यपाल और पुडुचेरी के उपराज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल चुके हैं। 31 जुलाई 2024 को राधाकृष्णन ने महाराष्ट्र के राज्यपाल पद की शपथ ली और पूरे राज्य का भ्रमण कर विभिन्न वर्गों से संवाद स्थापित किया।
राधाकृष्णन अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, स्पेन, पुर्तगाल, नॉर्वे, डेनमार्क, स्वीडन, फिनलैंड, बेल्जियम, हॉलैंड, तुर्की, चीन, मलेशिया, सिंगापुर, ताइवान, थाईलैंड, मिस्र, संयुक्त अरब अमीरात, बांग्लादेश, इंडोनेशिया और जापान की यात्राएं कर चुके हैं।

तस्वीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बाएं माननीय उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *