नालासोपारा में अवैध रूप से रह रहे 109 नाइजीरियाई नागरिक हिरासत में, जांच जारी

मुंबई : महाराष्ट्र में मीरा-भायंदर वसई-विरार पुलिस ने बुधवार यानि 4 फरवरी की सुबह नालासोपारा पूर्व क्षेत्र में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की सघन तलाशी ली 109 नाइजीरियाई नागरिकों को हिरासत में ले लिया। इनलोगों के पास से लगभग दो किलोग्राम कोकीन बरामद की गई है।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पूर्णिमा चौगुले-श्रृंगी ने जानकारी दी कि यह ऑपरेशन बुधवार सुबह ठीक 6 बजे शुरू हुआ। पुलिस की कई टीमों ने नालासोपारा, अचोले और तुलिंज जैसे संवेदनशील इलाकों में एक साथ छापेमारी की। इन इलाकों में लंबे समय से विदेशी नागरिकों के अवैध रूप से रहने और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने की शिकायतें मिल रही थीं।
छापेमारी के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध के पास से 2 किलोग्राम शुद्ध कोकीन बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस ड्रग की कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि नाइजीरिया, युगांडा और घाना जैसे अफ्रीकी देशों के नागरिक यहां अवैध बस्तियों में रह रहे हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि इनमें से कई लोग ड्रग्स की तस्करी के संगठित नेटवर्क का हिस्सा हैं।
पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए सभी 109 लोगों को अपने वैध पासपोर्ट और वीजा दिखाने का पूरा अवसर दिया गया है। हालांकि, शुरुआती जांच में अब तक एक भी व्यक्ति वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाया है। पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जो लोग सही दस्तावेज दिखाएंगे उन्हें रिहा किया जाएगा, लेकिन दस्तावेज न होने की स्थिति में उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *