मुंबई : बीएमसी चुनाव के मौके पर उद्धव सेना का साथ पूर्व विधायक दगडू सकपाल ने छोड़ दिया। वह अपने समर्थकों के साथ शिंदे सेना में शामिल हो गए। पार्टी प्रमुख व उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सभी का स्वागत किया। सकपाल के समर्थकों के साथ शिंदे सेना में शामिल होने से उद्धव सेना को बड़ा नुकसान हो सकता है।
पूर्व विधायक सकपाल के साथ अशोक सकपाल, लक्ष्मण सकपाल, मनसे के शिवड़ी विभाग अध्यक्ष संतोष नलावडे, रेश्मा सकपाल, सुषमा सकपाल , जितेंद्र सकपाल, संपत नलावडे, भरत मोरे, मनोज म्हात्रे, जहीर शेख, क्षितीज सकपाल, सुनील सकपाल, अनिकेत कदम समेत कई कार्यकर्ता शिवसेना में शामिल हुए हैं।
इन सभी का स्वागत करते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि बालासाहेब ठाकरे जिन निष्ठावान शिवसैनिकों को अपना साथी मानते थे, आज कुछ लोग उन्हें नौकर समझने लगे हैं। उन्होंने कहा कि शिवसेना को बढ़ाने के लिए जिन्होंने जेल की सजा काटी है। सैकड़ों मुकदमे उन पर हुआ है। ऐसे कार्यकर्ताओं की भावनाओं को बालासाहेब समझते थे। लेकिन आज उन कार्यकर्ताओं को सम्मान नहीं दिया जा रहा है।