मुंबई : महाराष्ट्र के खोपोली से शिवसेना पार्षद मानसी कालोखे के पति मंगेश (45) की हत्या कर दी गई। घटना के समय वह अपने बच्चे के स्कूल छोड़कर बाइक से घर लौट रहे थे। काली कार में सवार होकर आए कुछ लोगों ने तलवार, हंसिया और कुल्हाड़ी से उनके ऊपर हमला कर दिया। मंगेश खोपोली के पूर्व पार्षद थे और वह एकनाथ शिंदे की शिवसेना के नेता थे। उनकी हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों ने थाने का घेराव किया। मंगेश की पत्नी ने एनसीपी के जिलाध्यक्ष, प्रवक्ता और अन्य नेताओं पर हत्या का आरोप लगाया है।
मंगेश कालोखे के चचेरे भाई की दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर खोपोली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मंगेश के परिवार ने एनसीपी के रायगढ़ जिला अध्यक्ष सुधाकर घरे, एनसीपी के स्थानीय प्रवक्ता भरत भगत, रविंद्र देवकर और उनके बेटों दर्शन और धनेश तथा सचिन चव्हाण सहित 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
इधर, शिवसेना विधायक भरत गोगावले ने आरोप लगाया कि यह हत्या राजनीतिक प्रतिशोध के कारण हुई हो सकती है क्योंकि एनसीपी हाल ही में हुए खोपोली नगर परिषद चुनाव में हार गई थी। रविंद्र की पत्नी उर्मिला ने वार्ड नंबर 3 से शिवसेना की मानसी कालोखे के खिलाफ एनसीपी के टिकट पर चुनाव लड़ा था और 700 से अधिक वोटों से हार गई थीं।
पुलिस ने बताया कि सुबह करीब 7 बजे, मंगेश अपने बेटे को स्कूल छोड़कर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी विहारी गांव के एक चौराहे पर दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। ये हमलावर चार अन्य लोगों के साथ एक काली कार में इंतजार कर रहे थे। दोनों ने तलवार, हंसिया और कुल्हाड़ी से उन पर वार किया और कार लेकर फरार हो गए। कालोखे की मौके पर ही मौत हो गई।
फोटो : शिवसेना पार्षद मानसी कालोखे और उनके पति मंगेश। फाइल फोटो।