फ्लैट हड़पने के मामले में महाराष्ट्र के खेल मंत्री को दो साल की सजा

ईवीएस कोटे के तहत कम आय दिखाकर ले लिए थे फ्लैट

– मंत्री के सभी विभाग वापस लिए गए, सभी पावर उपमुख्यमंत्री अजित पवार को सौंपा गया

मुंबई : महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस की सरकार में खेल-कूद एवं युवा कल्याण मंत्री माणिकराव कोकाटे की मुश्किलें बढ़ गई है। नासिक कोर्ट ने 1995 में 10% ईवीएस कोटे के तहत कम आय दिखाकर फ्लैट हड़पने के मामले में उन्हें दोषी ठहराया है और उनके भाई विजय कोकाटे के साथ उन्हें भी दो साल की कड़ी कैद की सजा सुनाई है। अरेस्ट वारंट भी जारी किया है। नासिक सत्र अदालत ने ट्रायल कोर्ट के 20 फरवरी के फैसले को सही ठहराते हुए माणिकराव कोकाटे और उनके भाई विजय कोकाटे को दो-दो साल की कठोर कारावास की सजा को कायम रखा।
इस वजह से खेल मंत्री माणिकराव कोकाटे से तमाम विभाग वापस ले लिए गए हैं। उसके बाद महाराष्ट्र के राज्यपाल ने माणिकराव कोकाटे के तमाम विभागों को उपमुख्यमंत्री अजित पवार को सौंप दिया है।
उधर, खेल मंत्री माणिकराव कोकाटे ने गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद उच्च न्यायालय का रुख किया था, लेकिन उच्च न्यायालय ने तात्कालिक सुनवाई से इनकार कर दिया।
इधर, देर रात तक माणिकराव कोकाटे ने मंत्री पद से इस्तीफा नहीं दिया था और बिना विभाग के मंत्री बने हुए थे। कोकाटे का इलाज अस्पताल में चल रहा है। कोकाटे अजित पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कद्दावर और सीनियर नेता हैं। वह ग्रामीण नासिक की सिन्नर विधानसभा सीट से विधायक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *