झुग्गी पुनर्वास प्राधिकरण के तहत मिलने वाले फ्लैट के विवाद में पति ने कर दी पत्नी की हत्या

मुंबई : मुंबई के मालवानी इलाके में शुक्रवार को एक 52 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। उसके बाद मुंबई पुलिस के सामने खुद को आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या के मामले में गिरफ्तार कर लिया है। मालवानी पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान सिराज नाइक के रूप में हुई है। सिराज पर अपनी 45 वर्षीय पत्नी मुमताज नाइक की नींद के दौरान हत्या करने का आरोप है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह हत्या पति-पत्नी के बीच एसआरए (झुग्गी पुनर्वास प्राधिकरण) प्रोजेक्ट के तहत मिलने वाले फ्लैट को लेकर हुए विवाद के बाद हुई। पुलिस के मुताबिक, सिराज अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ मालवानी इलाके में रह रहा था। उनका निवास एसआईए प्रोजेक्ट का हिस्सा था। सिराज ने मुमताज से कहा था कि यदि वे बिल्डर को 9.70 लाख रुपए दें तो उन्हें इस योजना के तहत नया फ्लैट मिल जाएगा। हालांकि, मुमताज ने इस प्रस्ताव का विरोध किया, जिसके बाद दोनों के बीच झगड़ा बढ़ गया।
पुलिस ने आगे बताया कि विवाद के बाद मुमताज सोने चली गईं। तभी आरोपी सिराज कथित रूप से एक भारी पत्थर लेकर आया और अपनी पत्नी के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट के चलते मुमताज की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी सीधे मालवानी पुलिस स्टेशन पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी देते हुए आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और हत्या के तहत केस दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *