नई दिल्ली : भारतीय वायुसेना का अत्याधुनिक स्वदेशी लड़ाकू विमान एलसीए तेजस संयुक्त अरब अमीरात दुबई एयर शो 2025 के दौरान शुक्रवार की दोपहर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में पायलट की मौत हो गई। वायुसेना ने गहन जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दिए हैं। यह घटना उस समय हुई, जब तेजस निर्धारित एरोबेटिक अभ्यास के लिए उड़ान भर रहा था। दुर्घटना के कारणों की पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है। विमान क्रैश होने की घटना के तुरंत बाद एयर शो के आपातकालीन प्रबंधन दल और स्थानीय प्रशासनिक इकाइयों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
गौरतलब है कि तेजस भारत का स्वदेशी रूप से विकसित हल्का बहुउद्देश्यीय लड़ाकू विमान है। इसे हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने डिजाइन और निर्मित किया है। दुबई एयर शो-2025 में इसकी उपस्थिति भारत की एयरोस्पेस क्षमताओं को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही थी। दुर्घटना का विस्तृत कारण तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। विशेषज्ञ दल तकनीकी डाटा का अध्ययन करेंगे।
दुबई एयर शो-25 के आयोजकों ने भी भारतीय पक्ष के साथ समन्वय करते हुए हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में सहयोग का आश्वासन दिया है। संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित दुबई एयर शो 2025 में भारत ने अपनी उन्नत रक्षा शक्ति, प्रौद्योगिकी और उद्योग क्षमताओं का व्यापक प्रदर्शन किया है।