मुंबई : मुंबई स्थित आर्मी हेडक्वार्टर से कर्नल के केबिन से 1 पिस्टल, 9 जिंदा कारतूस, चांदी और 3 लाख रुपए चोरी के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच यूनिट 12 ने मालाड से तीन आरोपियों को पकड़ लिया है। घटना मुंबई में सेना के दक्षिणी कमान मुख्यालय (आर्मी हेडक्वार्टर) में हुई। पुलिस ने एक नाबालिग को छोड़कर अन्य दो आरोपी दीपक कृष्णा धनवे, विनायक गोपीचंद बाविस्कर को गिरफ्तार कर लिया। मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी के पास से 1 पिस्टल, 09 जिंदा कारतूस एवं 480 ग्राम चांदी के आभूषण भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार वारदात के तुरंत बाद तीनों आरोपी चोरी का माल लेकर गोवा फरार हो गए थे। गोवा में चोरी के पैसे से मौज-मस्ती की। जैसे ही मुंबई लौटे तो एक सूचना पर क्राइम ब्रांच ने उन्हें मलाड में एक किराए के मकान से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में कर्नल की पिस्टल, सभी कारतूस, चांदी के बर्तन और बचा हुआ कैश बरामद कर लिया गया। क्राइम ब्रांच की जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी ने पहले भी आर्मी कैंप के आसपास रेकी की थी।