रेलिंग की सीढ़ी टूटने की वजह से आंध्र प्रदेश के वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़, नौ की मौत

आंध्र प्रदेश : आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के कासिबुग्गा कस्बे में 1 नवंबर की सुबह श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर (चिन्ना तिरुपति) में भगदड़ मचने से 9 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 15 घायल हो गए। मृतकों में 8 महिलाएं और 13 साल का एक लड़का शामिल है। मृतकों की पहचान एडुरी चिन्नम्मी, रपका विजय, मुरिपिंटी नीलम्मा, दुव्वु राजेश्वरी, चिन्नी यशोदम्मा, रूपा, लोटला निखिल (13), दोक्करा अम्मुलम्मा और बोरा ब्रुंदा के रूप में हुई है। हादसा करीब सुबह 11:45 बजे उस समय हुआ जब एकादशी के मौके पर लगभग 15000 श्रद्धालु दर्शन के लिए इकट्ठा हुए थे।
बताया जा रहा है कि यह मंदिर सिर्फ चार महीने पहले ही बना था और निजी तौर पर चलाया जा रहा था। मंदिर में आने-जाने का रास्ता एक ही था, जिससे भीड़ बढ़ गई।
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, मंदिर की सीढ़ियों के पास लोहे की रेलिंग भीड़ के दबाव से टूट गई। इससे श्रद्धालुओं में डर फैल गया और भगदड़ मच गई। श्रीकाकुलम के एसपी केवी महेश्वर रेड्डी ने बताया कि यह पूरी तरह एक हादसा है। डीएसपी लक्ष्मण राव ने कहा कि लोग डर के कारण नीचे गिर पड़े, जिससे कई घायल हो गए। उन्होंने बताया कि यह पूरी तरह से घबराहट का मामला था, न कि पारंपरिक भगदड़।
इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी संवेदना व्यक्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *