
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी अभिनेता सतीश साह के निधन पर गहरा दुख जताया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट शेयर कर सतीश शाह को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि वे भारतीय सिनेमा जगत के प्रख्यात अभिनेता सतीश शाह के निधन की खबर से स्तब्ध हैं।
‘जाने भी दो यारों,’ ‘मैं हूं ना,’ ‘कहो ना प्यार है,’ ‘हम साथ साथ हैं,’ और ‘जुड़वा’ जैसी फिल्में एवं ’साराभाई वर्सेस साराभाई’ जैसे धारावाहिक में अपने अभिनय और अपनी अद्भुत हास्य शैली से उन्होंने दर्शकों के दिलों पर राज किया। उनके जाने से भारतीय कला क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।
उनके शव का निधन के दूसरे दिन अंतिम संस्कार मुंबई के विले पार्ले पश्चिम स्थित पवन हंस श्मशान घाट पर हुआ। इस दौरान बॉलीवुड सेलेब्स और उनके दोस्त सतीश शाह को श्रद्धांजलि देने के लिए अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
साराभाई वर्सेस साराभाई’ के उनके सह-कलाकार रूपाली गांगुली, सुमित राघवन, राजेश कुमार, रत्ना पाठक शाह, नसीरुद्दीन शाह, पंकज कपूर, सुप्रिया पाठक और अभिनेता दीपक पाराशर भी पहुंचे। उनके बाद नील नितिन मुकेश, अवतार गिल, रूमी जाफरी, अनंत नाग और डेविड धवन जैसे अन्य लोग श्मशान घाट पर मौजूद रहे। बॉलीवुड स्टार जैकी श्रॉफ भी उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। उनके साथ जॉनी लीवर और निर्माता अशोक पंडित को भी उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होते हुए देखा गया। सतीश शाह के शव को एक एंबुलेंस के जरिए शमशान घाट तक पहुंचाया गया। उसके पीछे लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा, सभी उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। शनिवार को मुंबई में 74 साल की उम्र में अभिनेता का निधन हो गया। फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि सतीश शाह को शिवाजी पार्क स्थित हिंदुजा अस्पताल ले जाया गया था, जहां उनकी मौत हो गई।