मुंबई : मुंबई के विक्रोली इलाके में बदमाशों ने 26 वर्षीय फिजियोथेरेपिस्ट को अगवा कर उसके साथ मारपीट और लूटपाट की। आरोप है कि चार लोगों ने युवक को एक निर्माणाधीन इमारत में ले जाकर निर्वस्त्र किया और उसका वीडियो बनाया।
घटना 4 नवंबर की दोपहर की बताई गई है। पीड़ित मुलुंड पूर्व का निवासी है और विक्रोली पश्चिम के सूर्य नगर में अपने एक परिचित से मिलने गया था। रास्ते में एक व्यक्ति ने उसे धमकाकर निर्माणाधीन इमारत में पहुंचाया, जहां पहले से तीन अन्य लोग मौजूद थे।
आरोपियों ने युवक से सोने की चेन, ब्रेसलेट और हीरे जड़ी अंगूठी छीन ली। इसके बाद डेबिट और क्रेडिट कार्ड के पिन बताने के लिए मजबूर किया। दो आरोपी उसे बंधक बनाए रहे, जबकि अन्य दो ने उसके खातों से 45 हजार रुपये निकाल लिए।
पार्कसाइट पुलिस ने मामला दर्ज कर रोहित सावंत उर्फ अब्बा (22) और राजेश देवर (23) को गिरफ्तार किया है। अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है।
ISIS मॉड्यूल मामले में डॉक्टर को छह साल की सजा
मुंबई की विशेष एनआईए अदालत ने ISIS मॉड्यूल से जुड़े 2023 के मामले में दोष स्वीकार करने वाले एनेस्थीसियोलॉजिस्ट अदनानअली सरकार को छह वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है।
अदालत ने उसे गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA और भारतीय दंड संहिता के तहत आपराधिक साजिश तथा सबूत मिटाने के अपराध में दोषी ठहराया।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, आरोपी और उसके सहयोगियों पर सोशल मीडिया तथा व्हाट्सऐप समूहों के जरिए कट्टरपंथी विचारधारा का प्रचार करने और युवाओं को आतंकवादी गतिविधियों के लिए प्रभावित करने का आरोप था।
अदालत ने आरोपी की दोष स्वीकार करने की याचिका पर सुनवाई के बाद सजा सुनाई। मामले के अन्य आरोपियों के खिलाफ सुनवाई जारी रहेगी।