ड्रग्स सप्लायर की तलाश में होटल पर छापा, 40 लाख रुपये बरामद, दो महिलाएं हिरासत में

अंधेरी पूर्व के पांच सितारा होटल में सहार पुलिस की कार्रवाई, आरोपी सप्लायर फरार

मुंबई। ड्रग्स तस्करी के मामले में वांछित आरोपी की तलाश में सहार पुलिस ने अंधेरी पूर्व स्थित एक पांच सितारा होटल में छापेमारी की। पुलिस को होटल के कमरे से 40 लाख रुपये नकद मिले हैं। इस रकम के मादक पदार्थों की बिक्री से अर्जित होने का संदेह जताया गया है।
पुलिस के अनुसार, पनवेल में ड्रग्स सप्लाई के मामले में वांछित फरुख हमीद शेख उर्फ फरुख बटाटा के होटल में ठहरने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम होटल पहुंची और सुरक्षा कर्मचारियों की मदद से कमरा नंबर 1018 तक पहुंची। तलाशी के दौरान कमरे में मौजूद लोगों से पूछताछ की गई और बैगों से नकदी बरामद हुई।
पुलिस का कहना है कि कमरे में मौजूद लोगों ने कथित तौर पर बताया कि यह रकम फरुख शेख की है और वह पुलिस के पहुंचने से कुछ समय पहले वहां से निकल गया था। बाद में आरोपी की दो पत्नियां भी दो अन्य लोगों के साथ होटल पहुंचीं। दोनों महिलाओं ने कथित तौर पर नकदी को फरुख की रकम बताया।
पुलिस ने दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। होटल में मौजूद अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस फरार सप्लायर की तलाश के साथ नकदी के स्रोत और ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *