मुंबई: महाराष्ट्र में सूखाग्रस्त इलाकों के किसानों के लिए देवेंद्र फडणवीस सरकार ने दिवाली के पहले 5000 रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता देने का फैसला किया है। इस फैसले को कैबिनेट की बैठक में मंजूरी दी गई। इसके तहत राज्य के कुल 304 सूखा प्रभावित तालुकाओं के 1.5 करोड़ किसानों को दिवाली से पहले 5000 रुपये दिए जाएंगे। यह सहायता राशि राहत और पुनर्वास विभाग की ओर से सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
राज्य सरकार की ओर से बताया गया है कि जिन किसानों की फसल को 33 प्रतिशत से अधिक का नुकसान हुआ है। वे इस सहायता राशि यानी 5000 रुपये के लिए पात्र होंगे। प्रदेश सरकार इस आर्थिक सहायता के लिए कुल 7500 करोड़ रुपये आवंटित करेगी। इस प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए फडणवीस सरकार ने तय किया है कि जिन किसानों ने अन्य सरकारी योजनाओं के लिए पहले ही ई-केवाईसी पूरा कर लिया है, उन्हें दोबारा ई-केवाईसी कराने की जरूरत नहीं होगी।
दरअसल देवेंद्र फडणवीस सरकार का मकसद फसल नुकसान और पानी की किल्लत से जूझ रहे किसानों को त्काल आर्थिक सहायता मुहैया कराना है। इसके तहत करीब डेढ़ करोड़ किसानों के खातों में 5000 रुपये की अग्रिम राहत राशि दिवाली से पहले यानी इसी सप्ताह जमा कराई जाएगी।