वर्सोवा बीच पर बोरे में मिली लाश की गुत्थी सुलझी, एक ही परिवार के छह गिरफ्तार

पुरानी रंजिश में सब्जी विक्रेता की हत्या का आरोप, शव समुद्र में फेंककर सबूत मिटाने की कोशिश; मुंबई पुलिस की जांच में हुआ खुलासा

मुंबई : वर्सोवा के देवाची वाडी समुद्र तट पर बोरे में बंद मिले शव के मामले में मुंबई पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान बसंतलाल सुखदेव कोरी के रूप में हुई है, जो मलाड पश्चिम में सब्जी का काम करता था। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, पुरानी रंजिश के चलते उसकी कथित तौर पर हत्या की गई और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को बोरे में भरकर समुद्र में फेंक दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में एक ही परिवार के सदस्य शामिल हैं, जिनका नाम जुगराज रामनाथ यादव (59), संतोष वृंदावन मिश्रा (65), शिवम संतोष मिश्रा (27), मीरा संतोष मिश्रा (56), अंजू संतोष मिश्रा (34) और वंदना संतोष मिश्रा (29) है।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर की सुबह करीब 8:45 बजे अंधेरी पश्चिम के वर्सोवा इलाके में देवाची वाडी समुद्र तट पर एक बोरे में शव मिलने की सूचना मिली थी। इसके बाद वर्सोवा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शुरुआती दौर में मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी। जांच के दौरान पुलिस ने उसकी पहचान बसंतलाल सुखदेव कोरी के रूप में की। पता चला कि वह मलाड पश्चिम में संतोष मिश्रा के यहां सब्जी का काम करता था।


जांच में पुलिस को संदेह हुआ कि इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश थी। पुलिस के मुताबिक, बसंतलाल के सिर पर गंभीर चोटें पहुंचाई गई थीं, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को बोरे में भरकर समुद्र में फेंकने का आरोप है, ताकि अपराध के साक्ष्य नष्ट किए जा सकें। घटना के बाद कुछ संदिग्धों के मुंबई छोड़कर फरार होने की जानकारी भी जांच में सामने आई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई जांच टीमें गठित कीं। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के सिलसिले में पुलिस की टीमें उत्तर प्रदेश भी पहुंचीं। पुलिस ने पहले जुगराज रामनाथ यादव को गिरफ्तार किया। इसके बाद मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-9 की कार्रवाई में अन्य आरोपियों का पता चला और कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *