चेंबूर में पंजाब पुलिस और मुंबई ATS ने हत्या आरोपी को किया गिरफ्तार

मुंबई : पंजाब पुलिस ने मुंबई एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) के सहयोग से चेंबूर इलाके में जॉबनप्रीत नामक आरोपी को गिरफ्तार किया। वह अमृतसर की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू की हत्या के मामले में प्रमुख संदिग्ध बताया गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन पिस्तौल, पांच मैगजीन और 11 कारतूस बरामद किए। आरोपी को पकड़ने के लिए दोनों राज्यों की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया।

फर्जी दस्तावेजों से जमानत दिलाने का आरोप, कोलाबा पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा

मुंबई : मुंबई सेशंस कोर्ट में जमानत की प्रक्रिया के दौरान कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों को जमानतदार के प्रमाण के रूप में पेश करने के मामले में कोलाबा पुलिस ने जाफर शेख को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दस्तावेजों में संपत्ति प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य कागजात शामिल थे। जांच में संबंधित तहसीलदार कार्यालय ने प्रमाणपत्र जारी करने से इनकार किया था। मामला महाराष्ट्र प्रोटेक्शन ऑफ इंटरेस्ट ऑफ डिपॉजिटर्स (MPID) कानून से जुड़े केस में जमानत प्रक्रिया का है। पुलिस अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

फर्जी जाति प्रमाणपत्र मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपी गई
मुंबई : मुंबई के पूर्व बीएमसी पार्षद रमेश कांबले से जुड़े करीब दो दशक पुराने मामले की जांच अब मुंबई क्राइम ब्रांच करेगी। आरोप है कि उन्होंने वर्ष 2002 के बीएमसी चुनाव में आरक्षित सीट से चुनाव लड़ने के लिए कथित रूप से फर्जी जाति प्रमाणपत्र का इस्तेमाल किया था। शिकायतकर्ता की याचिका पर बॉम्बे हाई कोर्ट ने मामले की जांच दूसरी एजेंसी को सौंपने का निर्देश दिया था। इससे पहले चेंबूर पुलिस ने जांच के बाद क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की थी। अब क्राइम ब्रांच पुराने जांच दस्तावेजों और आरोपों की दोबारा पड़ताल करेगी

पॉवई में कैब की टक्कर से छात्र की छोटी उंगली कटी, चालक गिरफ्तार
मुंबई : मुंबई के पॉवई इलाके में 10 अक्टूबर को हुई दुर्घटना के मामले में पुलिस ने कैब चालक हमीदुल्लाह खान को गिरफ्तार किया। शिकायत के अनुसार, 20 वर्षीय छात्र सुयश कांबले स्कूटर से जा रहे थे, तभी एक कैब चालक कथित तौर पर एक इमारत के गेट से एकतरफा सड़क पर गाड़ी पीछे निकालने लगा। इस दौरान कैब की टक्कर स्कूटर से हुई और छात्र की दाहिने हाथ की छोटी उंगली कट गई। घटना के बाद चालक के मौके से चले जाने का आरोप है। छात्र द्वारा वाहन का नंबर नोट किए जाने के आधार पर पुलिस ने चालक की पहचान की। गिरफ्तारी के बाद उसे नोटिस देकर छोड़ दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *