मुंबई : अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने प्रवीन उर्फ नागेश रामचंद्र शिंदे और बृजेश कांजीभाई मोराडिया को गिरफ्तार किया है। एजेंसी के अनुसार, यह नेटवर्क कथित तौर पर सलीम इस्माइल डोला से जुड़ा है।
जांच में आरोपियों की भूमिका मेफेड्रोन (MD) ड्रग्स के कथित अवैध निर्माण, इसके लिए जरूरी रसायनों की खरीद और ड्रग्स की बिक्री से हासिल रकम के लेन-देन में सामने आई है। ED का आरोप है कि रकम को हवाला माध्यमों, कई बैंक खातों और अन्य संस्थाओं के जरिए घुमाया गया। जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि अवैध कमाई से संपत्तियां और अन्य परिसंपत्तियां खरीदी गईं या नहीं। मामले में आगे की जांच जारी है।