नवघर के लेबर कैंप में फटे सात सिलेंडर, सभी लोग सुरक्षित निकाले गए
मुंबई : पवई स्थित आईआईटी बॉम्बे के हॉस्टल नंबर-6 में गैस रिसाव के बाद हुए धमाके से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो नाबालिगों समेत पांच लोग घायल हो गए। बीएमसी के अनुसार, घटना गुरुवार रात करीब 10:24 बजे सामने आई। घायलों में अंश अहिरवार (12), तहजीब आलम (9), ईश्वर सिंह (37), शिवकुमार सिंह (34) और अनिलकुमार यादव (23) शामिल हैं। चार घायलों को कस्तूरबा अस्पताल और एक को राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी की हालत स्थिर बताई गई है।
नवघर में सात सिलेंडर फटे
वहीं, मुलुंड पूर्व के नवघर इलाके में निर्माण श्रमिकों के लिए बने बीएमसी के पीएपी प्रोजेक्ट के जी+1 लेबर कैंप में आग लगने के बाद सात गैस सिलेंडर फट गए। आशंका है कि आग साइट पर लगी छोटी आग से शुरू हुई थी। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया। परिसर में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दोनों मामलों में जांच जारी है।