मुंबई : वडाला ईस्ट में 45 वर्षीय बढ़ई शरीफ रजा हुसैन खान पर अपनी 20 वर्षीय बेटी रिफत की हत्या का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक, बेटी और उसकी बहन पिता की दूसरी शादी का विरोध कर रही थीं। आरोप है कि 2 अक्टूबर को उसने बेटी की चिकन बिरयानी में जहर मिलाया और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने घटना को फूड पॉइजनिंग बताने की कोशिश की, लेकिन डॉक्टरों को गले पर निशान मिलने के बाद मामला खुला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बोरीवली स्पा पर पुलिस की कार्रवाई, चार महिलाएं को कराया गया मुक्त
मुंबई : दहिसर पुलिस ने बोरीवली ईस्ट के एक स्पा पर छापा मारकर चार महिलाओं को मुक्त कराया और 28 वर्षीय कैशियर अंकित संजयकुमार चौबे को गिरफ्तार किया। पुलिस का आरोप है कि बॉडी-टू-बॉडी मसाज की आड़ में महिलाओं से देह व्यापार कराया जा रहा था। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
नवी मुंबई में पुलिस हिरासत में चोरी के आरोपी की मौत
मुंबई : नवी मुंबई के NRI सागरी पुलिस स्टेशन की हिरासत में 38 वर्षीय संजय कांटू यादव की मौत हो गई। वह चोरी के एक मामले में गिरफ्तार था। पुलिस के अनुसार तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मामले की जांच और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है।
₹100 करोड़ की जमीन धोखाधड़ी का मामला
मुंबई : पवई पुलिस ने करीब ₹100 करोड़ की जमीन धोखाधड़ी के मामले में आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर जमीन पर कब्जा करने और उसके मालिक को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। मामले में रियल एस्टेट और इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों के निदेशकों के नाम भी सामने आए हैं।