मुंबई: मलाड पश्चिम के नटराज मार्केट स्थित एक ज्वेलरी शॉप से करीब 1.3 करोड़ रुपये के सोने और हीरे के आभूषण की चोरी कर ली गई। मलाड पुलिस ने दुकान के एक कर्मचारी समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। एक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार दुकान में तीन कर्मचारी काम करते थे। इनमें भेरूलाल, जो दुकान मालिक का रिश्तेदार भी है, को रोज सुबह दुकान खोलने और रात में बंद करने की जिम्मेदारी दी गई थी। 2 अक्टूबर को दुकान मालिक राजस्थान धार्मिक यात्रा पर गया था और उसने दुकान की चाबी भेरूलाल को सौंप दी थी।
अगले दिन भेरूलाल ने मालिक को फोन कर बताया कि चाबी से दुकान का ताला नहीं खुल रहा है। उसने बताया कि पिछली रात 22 वर्षीय कर्मचारी खुमानसिंह राजपूत दुकान बंद करके गया था और उसका मोबाइल फोन भी बंद है। मालिक ने अपने रिश्तेदार को दुकान पर भेजा, लेकिन ताला नहीं खुला। बाद में राजस्थान से लौटे मालिक ने देखा कि दी गई चाबियां उसकी दुकान की थीं ही नहीं और ताला टूटा हुआ था। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और सोने-चांदी के आभूषण गायब थे।
दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच में कथित तौर पर राजपूत और तीन अन्य लोगों को बड़े बैग लेकर दुकान से बाहर निकलते हुए देखा गया। इसके बाद दुकान मालिक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के मुताबिक राजपूत पिछले करीब दो वर्षों से दुकान में काम कर रहा था। मामले में आरोपियों की तलाश और चोरी गए आभूषणों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पवई में 25.9 लाख की चोरी, बाथरूम के ड्रेन में मिले सोने के सिक्के
मुंबई : हिरानंदानी गार्डन्स स्थित 17वीं मंजिल के फ्लैट से करीब 25.9 लाख रुपये के नकद, सोने-हीरे के आभूषण और 20 सोने के सिक्के चोरी होने का मामला सामने आया है। खास बात यह है कि फ्लैट में जबरन प्रवेश के निशान नहीं मिले। बाद में सोने के सिक्कों के पैकेट बाथरूम के ड्रेन में मिले। पॉवई पुलिस मामले की जांच कर रही है।
‘चूहे वाली डोसा’ वीडियो से 25 लाख की कथित रंगदारी मांगने का मामला
मुंबई : बोरीवली के एक होटल में डोसा में चूहा मिलने का कथित वीडियो वायरल करने के बाद होटल मालिक से 25 लाख रुपये की मांग किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार मांग बाद में 7 लाख रुपये तक लाई गई और 1 लाख रुपये दिए भी गए। बाकी 6 लाख रुपये लेने के लिए हुई मुलाकात के दौरान पुलिस ने दोनों बहनों को नोटिस जारी किया। मामले में जबरन वसूली के प्रयास का केस दर्ज किया गया है।
फर्जी टिकट बेचने वाला गिरफ्तार
मुंबई : संजय गांधी नेशनल पार्क में पर्यटक को फर्जी/फटे प्रवेश टिकट बेचने के आरोप में 31 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके पास से नौ टिकट बरामद किए, जो पार्क के आधिकारिक काउंटर से जारी टिकटों से मेल नहीं खाते थे।
गोवंडी में 2.53 करोड़ की साइकोट्रॉपिक गोलियां जब्त
मुंबई : मुंबई एंटी-नारकोटिक्स सेल ने गोवंडी में कार्रवाई करते हुए करीब 2.53 करोड़ रुपये मूल्य की साइकोट्रॉपिक गोलियां बरामद कीं। अधिकारियों के मुताबिक हजारों गोलियां बरामद हुईं, जिन्हें कथित तौर पर नशे के लिए ‘बटन’ के रूप में बेचा जाता था। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
सचिन वाजे की जमानत के खिलाफ NIA की बॉम्बे हाईकोर्ट में अपील
मुंबई : 2021 के एंटीलिया बम कांड और मनसुख हिरन हत्या मामले में पूर्व मुंबई पुलिस अधिकारी सचिन वाजे को मिली जमानत के खिलाफ NIA ने बॉम्बे हाईकोर्ट में अपील की है। बुधवार को NIA ने जमानत देने वाले विशेष अदालत के आदेश पर सवाल उठाते हुए अपनी दलीलें रखीं।