समुद्र में खड़े जहाज में गैस रिसाव से भीषण विस्फोट, तांबा चोरी करने पहुंचे चार लोगों की मौत, तीन गिरफ्तार

मुंबई : मुंबई के बोरीवली पश्चिम स्थित गोराई-मनोरी समुद्री तट के पास समुद्र में खड़े एक जहाज में तांबे के पाइप चोरी करने की कोशिश के दौरान भीषण विस्फोट हो गया। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि घटना के बाद फरार हुए तीन अन्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को आशंका है कि जहाज के अंदर गैस रिसाव के कारण विस्फोट हुआ था।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 27 सितंबर को निकारागुआ के झंडे वाले टैंकर ‘अल जाफजिया’ में हुई थी। यह जहाज पिछले करीब चार महीने से गोराई-मनोरी तट के पास समुद्र में खड़ा था। जहाज में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। इसी का फायदा उठाकर सात लोगों का एक गिरोह स्पीडबोट के जरिए जहाज तक पहुंचा था।
आरोप है कि गिरोह के सदस्य जहाज से तांबे के पाइप और तार चोरी करने पहुंचे थे। चार लोग जहाज के अंदर जाकर पाइप काटने लगे, जबकि तीन अन्य बाहर थे। इसी दौरान जहाज के अंदर गैस रिसाव हुआ और अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि जहाज के अंदर मौजूद चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, बाहर मौजूद तीन लोग मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद गोराई पुलिस मौके पर पहुंची। जहाज के अंदर से शवों को निकालने के लिए भारतीय नौसेना की भी सहायता ली गई। बुधवार को चारों शव बरामद किए गए। इनमें तीन मृतकों की पहचान विनायक अंबावणे उर्फ वीनू, शंकर और रामचंद्र नेवरकर के रूप में हुई है। चौथे मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी थी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जेजे अस्पताल भेजा गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
इस मामले में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। गुरुवार को फरार तीन आरोपियों शिवेन शैलेश शुंडुल, प्रतीक पंढरीनाथ पाटिल और विजय प्रेमनाथ संजीवा को गिरफ्तार किया गया। अदालत ने तीनों को 6 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे पिछले दो महीनों में दो बार जहाज से तांबे के तार और पाइप चोरी कर चुके थे। चोरी का सामान कबाड़ कारोबारियों को करीब आठ लाख रुपये में बेचे जाने की बात भी सामने आई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी के इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल थे तथा चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी कौन हैं। पुलिस जहाज में गैस रिसाव और विस्फोट की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *