मुंबई: दहिसर (ईस्ट) में साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक सिविल इंजीनियर को मोबाइल में ‘CommuTree’ ऐप इंस्टॉल करना भारी पड़ गया। ऐप डाउनलोड करने के कुछ ही समय बाद उनके क्रेडिट कार्ड से करीब ₹8.27 लाख की रकम निकाल ली गई।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित ने मोबाइल में ऐप इंस्टॉल किया था। इसके बाद साइबर ठगों ने कथित तौर पर मोबाइल और उससे जुड़ी संवेदनशील जानकारी तक पहुंच हासिल कर ली। कुछ ही समय में क्रेडिट कार्ड से कई ट्रांजैक्शन किए गए और कुल करीब 8.27 लाख रुपये निकाल लिए गए।
क्रेडिट कार्ड से बड़ी रकम निकलने का पता चलने के बाद पीड़ित ने तत्काल मामले की शिकायत साइबर पुलिस से की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ऐप के जरिए ठगों ने मोबाइल की कौन-कौन सी जानकारी हासिल की और रकम किन खातों में ट्रांसफर की गई।
यह मामला साइबर अपराध के उस तरीके की ओर भी इशारा करता है, जिसमें लोगों को किसी ऐप के जरिए निशाना बनाया जाता है। साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की सलाह है कि अनजान स्रोत से कोई ऐप डाउनलोड न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और किसी ऐप को जरूरत से ज्यादा मोबाइल परमिशन न दें।