मुंबई : छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) में RPF की हिरासत में 35 वर्षीय इमरान शेख की मौत के मामले की जांच महाराष्ट्र CID को सौंप दी गई है। इमरान मूल रूप से मध्य प्रदेश के खंडवा का रहने वाला था और रोजगार की तलाश में घटना से करीब दो दिन पहले मुंबई आया था।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार 20 सितंबर की सुबह इमरान CSMT स्थित RPF चौकी पहुंचा था। वह ट्रेन से संबंधित जानकारी लेने वहां गया था। इसके बाद वहां विवाद होने की बात सामने आई है। इमरान के परिजनों ने RPF कर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। दूसरी ओर रेलवे अधिकारियों के अनुसार इमरान का व्यवहार असामान्य था और उसने एक RPF उपनिरीक्षक पर हमला किया था। अधिकारियों का कहना है कि उसकी सुरक्षा को देखते हुए उसे हिरासत में लिया गया और GRP को सूचना दी गई।
दोपहर करीब 12:30 बजे इमरान को शौचालय जाने की अनुमति दी गई। करीब 10 मिनट तक बाहर नहीं आने पर दरवाजा खोला गया तो वह अंदर बेहोशी की हालत में मिला। उसे तत्काल सेंट जॉर्ज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में CSMT रेलवे पुलिस ने आकस्मिक मौत की रिपोर्ट दर्ज की है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट का इंतजार है। इस बीच CID ने घटनास्थल और RPF कार्यालय के CCTV फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के जरिए इमरान की स्टेशन पर पहुंचने से लेकर हिरासत और बाद की घटनाओं की पूरी कड़ी तैयार की जा रही है।
इमरान के पास खंडवा-दादर और दादर-CSMT के अनारक्षित रेल टिकट भी मिले हैं। पुलिस उसकी मुंबई में हुई गतिविधियों की भी जांच कर रही है। उसकी मौत का वास्तविक कारण और हिरासत के दौरान क्या-क्या हुआ, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और CID जांच के बाद अधिक स्पष्ट होगा।