iPhone की जिद ने उजाड़ दिया पूरा परिवार, बेटे को बचाने में माता-पिता की भी मौत

महाराष्ट्र/छत्रपति संभाजीनगर: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में iPhone को लेकर हुआ पारिवारिक विवाद बेहद दर्दनाक त्रासदी में बदल गया। तिसगांव के पास खवड्या डोंगर पर 18 वर्षीय कुणाल चांदवड़े के पहाड़ से छलांग लगाने के बाद उसे बचाने की कोशिश में उसके माता-पिता मुरलीधर और संगीता की भी मौत हो गई। तीनों की मौत शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे हुई।

पुलिस के मुताबिक, कुणाल महंगा मोबाइल खरीदने और उसकी EMI को लेकर परिवार से परेशान था। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह घर से निकलकर खवड्या डोंगर पहुंच गया और पहाड़ी के किनारे खड़ा होकर जान देने की धमकी देने लगा। सूचना मिलने पर परिजन, ग्रामीण, पुलिस और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। करीब तीन घंटे तक उसे समझाने का प्रयास किया गया। बचाव दल ने पहाड़ी के नीचे सुरक्षा जाल भी लगाने की कोशिश की, लेकिन कुणाल लगातार खतरनाक किनारे पर अपनी जगह बदलता रहा।

मौके पर मौजूद लोगों ने उसे मां के बारे में सोचने और वापस आने की अपील की। यहां तक कि तिसगांव के सरपंच ने उसे शांत करने के लिए iPhone देने की पेशकश भी की, लेकिन वह नहीं माना।

दोपहर करीब एक बजे पिता मुरलीधर बेटे के पास पहुंचे और उसे बचाने की कोशिश की। इसी दौरान कुणाल पहाड़ी से नीचे गिर गया और उसे पकड़ने के प्रयास में पिता भी गहरी खाई में जा गिरे। कुछ ही देर बाद मां संगीता भी नीचे गिर गईं। पुलिस और बचाव दल ने तीनों के शव बरामद किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *