मुंबई : मुंबई के गोरेगांव पूर्व स्थित आरे कॉलोनी में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में दो स्कूली छात्रों की पानी की टंकी में डूबने से मौत हो गई। दोनों छात्र एक कैटल शेड के परिसर में बनी पानी की टंकी में तैरने के लिए उतरे थे। घटना गौतम नगर, मॉडर्न बेकरी जंक्शन के पास करीब 11:55 बजे हुई
मृतकों की पहचान 15 वर्षीय जैब पटेल और 13 वर्षीय नखीब पटेल के रूप में हुई है। दोनों जोगेश्वरी गुफा इंग्लिश मीडियम सेकेंडरी स्कूल के छात्र बताए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक जैब कक्षा 10वीं और नखीब कक्षा 9वीं में पढ़ता था। शुक्रवार को दोनों के स्कूल से अनुपस्थित रहने की भी जानकारी सामने आई है।
घटना की जानकारी मिलते ही बीएमसी, मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव दल ने दोनों बच्चों को पानी की टंकी से बाहर निकाला और तत्काल ट्रॉमा केयर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे टंकी में तैरने के लिए उतरे थे। पानी की गहराई का सही अंदाजा नहीं लग पाने के कारण वे डूब गए। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि टंकी के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं और बच्चों को वहां प्रवेश करने से रोकने के लिए कोई व्यवस्था मौजूद थी या नहीं।