मुंबई: महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के कमिश्नर आईएएस तुकाराम मुंढे की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा के खिलाफ कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। ‘सुरक्षित भोजन, सुरक्षित महाराष्ट्र’ अभियान के तहत FDA ने मुंबई में McDonald’s, द बॉम्बे प्रेसीडेंसी रेडियो क्लब, खार जिमखाना समेत सात खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस/पंजीकरण निलंबित किए हैं।
जांच में मिलीं गंभीर खामियां
FDA की जांच में कई प्रतिष्ठानों की रसोई में कॉकरोच, मक्खियों का प्रकोप, गंदगी, खराब खाद्य भंडारण और स्वच्छता नियमों की अनदेखी सामने आई। रेडियो क्लब की रसोई में जीवित मक्खियों के साथ मृत कॉकरोच मिले। खाद्य सामग्री के पास केमिकल और सफाई पाउडर रखे होने तथा किचन में अन्य स्वच्छता संबंधी कमियां भी पाई गईं।
McDonald’s पर भी सख्ती
कोलाबा स्थित McDonald’s आउटलेट की दोबारा जांच में पहले बताई गई 20 गंभीर कमियों में से 18 के दूर नहीं होने की बात सामने आई। अधिकारियों को रसोई में जीवित कॉकरोच, खराब रेफ्रिजरेशन और सड़ा खाद्य कचरा मिला। FDA ने यह भी आरोप लगाया कि आउटलेट ने अनुपालन रिपोर्ट में गंभीर कमियों को दूर किए जाने का दावा किया था, लेकिन दोबारा जांच में स्थिति अलग मिली।
जांच के दौरान नॉन-डेयरी/एनालॉग चीज सॉस के इस्तेमाल का भी मामला सामने आया। FDA के अनुसार, प्रतिष्ठान में ग्राहकों के सामने वास्तविक डेयरी उत्पादों के इस्तेमाल का दावा किया जा रहा था, जबकि निरीक्षण में ‘GO Cheese Sauce’ जैसी एनालॉग तैयारी मिली।
खार जिमखाना भी कार्रवाई की जद में
खार जिमखाना का पंजीकरण प्रमाणपत्र भी निलंबित किया गया। FDA ने कच्चे और पके भोजन को अलग नहीं रखने, गर्म पानी की सुविधा की कमी, जमे खाद्य पदार्थों को सही तरीके से डीफ्रॉस्ट नहीं करने तथा सफाई और तापमान नियंत्रण का रिकॉर्ड व्यवस्थित नहीं रखने जैसी कमियां बताईं।
FDA की यह कार्रवाई मुंबई तक सीमित नहीं है। महाराष्ट्र में हालिया विशेष अभियान के दौरान 89 होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों का निरीक्षण किया गया, 71 को सुधार नोटिस जारी हुए और 13 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए।
तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में चल रही इस कार्रवाई ने खाद्य कारोबारियों में हलचल बढ़ा दी है। FDA का संदेश साफ है—खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों से समझौता करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।