घाटकोपर में बहू की हत्या की साजिश, सास समेत पांच गिरफ्तार

मुंबई : मुंबई के घाटकोपर में 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए उसकी सास समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, महिला की हत्या कथित तौर पर पहले से रची गई साजिश के तहत की गई थी। इस मामले में मृतका की सास पर घरेलू विवाद और पुराने मुकदमे को लेकर बहू से रंजिश रखने का आरोप है।

मृतका की पहचान सपना प्रमोद गनजी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक सपना कुछ समय पहले दुबई से मुंबई लौटी थीं और घाटकोपर स्थित अपने घर में रह रही थीं। 16 अगस्त को उनकी मौत हुई। शुरुआत में घटना को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई और दावा किया गया कि सपना बाथरूम में गिर गई थीं। लेकिन पुलिस को शव की गर्दन पर गहरे नीले निशान और सिर के बाईं ओर चोट के निशान मिले। इसके बाद पुलिस को मामला संदिग्ध लगा और जांच हत्या की दिशा में आगे बढ़ी।

पुलिस ने इस मामले में सपना की 60 वर्षीय सास धनलक्ष्मी भीकपती गनजी, घरेलू सहायिका मंगलाबाई सुरेश जाधव, उसके पति सुरेश गणपत जाधव, बेटी शिवानी सुरेश जाधव (21) और बेटे साजन सुरेश जाधव (19) को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि हत्या को अंजाम देने के लिए घरेलू सहायिका के परिवार को कथित तौर पर 3 लाख रुपये देने का वादा किया गया था।

पुराने विवाद से जुड़ी थी रंजिश

पुलिस जांच में सामने आया है कि सपना और उसके ससुराल पक्ष के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शादी के कुछ वर्षों बाद कथित प्रताड़ना के कारण सपना अपने मायके चली गई थीं। वर्ष 2024 में उन्होंने नालासोपारा पुलिस स्टेशन में ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसके अलावा घरेलू हिंसा कानून के तहत भी मामला अदालत तक पहुंचा था।

बाद में परिवार की ओर से कथित तौर पर आश्वासन दिए जाने के बाद सपना वापस मुंबई आईं। फरवरी 2026 में उनके पति को कंपनी के काम से दुबई भेजा गया था और सपना भी कुछ समय उनके साथ दुबई में रहीं। जून में वह अपने बेटे के साथ मुंबई लौटी थीं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हत्या की साजिश कब और कैसे तैयार की गई तथा इसमें किसकी क्या भूमिका थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *