चेंबूर में स्कूल बस पर गिरा पेड़, 11 वर्षीय छात्र की मौत, चार बच्चे घायल

मुंबई : मुंबई के चेंबूर इलाके में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में स्कूल बस पर अचानक विशाल पेड़ गिर जाने से 11 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि चार अन्य छात्र घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, दमकल विभाग और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया।

पुलिस के अनुसार, चेंबूर के रोड नंबर-11 स्थित यूनिवर्सल स्कूल की बस दोपहर में बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ा एक विशाल पेड़ अचानक बस पर आ गिरा। हादसे के समय बस में कुल 12 छात्र सवार थे। पेड़ गिरने से बस का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस में बैठे बच्चों में चीख-पुकार मच गई।

दुर्घटना में पांच छात्र घायल हुए, जिनमें 11 वर्षीय विहान श्रीवास्तव की हालत अत्यंत गंभीर थी। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने शाम 4:23 बजे उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना से परिजनों, स्कूल प्रशासन और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।

घायल चार छात्रों को चेंबूर स्थित जेन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस, दमकल विभाग और बीएमसी की टीमें मौके पर पहुंचीं और बस में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। भारी मशीनों की मदद से पेड़ हटाकर क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटाया गया, जिससे यातायात भी कुछ समय तक प्रभावित रहा।

हादसे के बाद मुंबई के डिप्टी मेयर संजय घाडी ने घटनास्थल का दौरा किया और इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बीएमसी पूरे मामले की जांच कर रही है। यदि पेड़ के रखरखाव या निगरानी में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों या संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने भी दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि पेड़ पहले से जर्जर था या हाल की बारिश और तेज हवाओं के कारण गिरा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में सावधानी बरतें तथा किसी भी जर्जर पेड़ की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *