मुंबई : अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने बैंकॉक से आई 29 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। महिला के पास से करीब 11.824 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 11.82 करोड़ रुपये बताई जा रही है। आरोपी महिला एक निजी बैंक में कार्यरत थी और पूर्व में एक ब्यूटी पेजेंट की रनर-अप भी रह चुकी है।
चलती लोकल ट्रेन में सीट को लेकर खूनी हमला
मुंबई लोकल ट्रेन में सीट को लेकर हुए विवाद में एक 26 वर्षीय युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना के बाद रेलवे पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
मालाड में ऑफिस चोरी का मामला
मालाड स्थित एक बीपीओ ऑफिस में चोरी की घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार, एक कर्मचारी ने अपने दोस्त को एक्सेस कार्ड देकर ऑफिस में प्रवेश कराया, जहां से लॉकर रूम से नकदी और सामान चोरी किया गया। मामले में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
एटीएम फ्रॉड से दो लोगों के खाते खाली
मुंबई में एटीएम कार्ड ट्रैपिंग गिरोह ने एक गृहिणी और एक सेवानिवृत्त व्यक्ति को निशाना बनाकर कुल 89,500 रुपये की ठगी कर ली। पुलिस गिरोह की तलाश कर रही है।
पांच साल पुराना मौत का मामला निकला हत्या
सिंधुदुर्ग में पांच साल पहले हुई एक संदिग्ध मौत की जांच में नया मोड़ आया है। मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच में मामला हत्या का निकला और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।