मुंबई: महाराष्ट्र में मॉनसून ने आधिकारिक तौर पर दस्तक दे दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मॉनसून दक्षिणी कोंकण क्षेत्र में प्रवेश कर चुका है। गोवा को पूरी तरह कवर करने के बाद अब यह मुंबई और उत्तरी कोंकण की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
केरल में सामान्य से तीन दिन की देरी से पहुंचने के बावजूद मॉनसून ने तेजी से प्रगति की है। मौसम विभाग का कहना है कि आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं और जल्द ही मुंबई में भी मॉनसून पहुंच सकता है।
अप्रैल-मई की भीषण गर्मी से जूझ रहे राज्यवासियों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, मॉनसून के आगमन से खरीफ फसलों की तैयारियां भी तेज होने की संभावना है।