नवी मुंबई महानगरपालिका के उपायुक्त कैलास गायकवाड को घूस लेते हुए एसीबी ने किया गिरफ्तार

मुंबई : महाराष्ट्र के नवी मुंबई में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने नवी मुंबई महानगरपालिका के उपायुक्त कैलास गायकवाड को 42 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। एसीबी की इस कार्रवाई से नगर निगम के प्रशासनिक तंत्र में हड़कंप मच गया है।
ठेकेदार दशरथ सुरवते ने अतिक्रमण विभाग के तहत किए गए कार्यों का बिल निकलवाने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि बिल पास करने के बदले उपायुक्त कैलास गायकवाड ने 42 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी।
इस मामले में ठेकेदार ने एसीबी से शिकायत की। इसके बाद टीम ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया और अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया।
एसीबी की टीम ने नवी मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय की तीसरी मंजिल स्थित कार्यालय में छापा मारकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। फिलहाल आरोपी अधिकारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
बताया जा रहा है कि संबंधित कार्य 15 नवंबर 2024 से 15 फरवरी 2025 के बीच ऐरोली क्षेत्र में किया गया था। जब ठेकेदार अपने कार्य का भुगतान प्राप्त करने के लिए प्रयास कर रहा था, उसी दौरान उससे रिश्वत की मांग की गई। इस कार्रवाई के बाद नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों में खलबली मच गई है। साथ ही, इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *