मशहूर एक्टर रितेश देशमुख और उनकी पत्नी जेनेलिया देशमुख को एमएसआरटीसी का बनाया गया ब्रांड एंबेसडर

मुंबई : महाराष्ट्र के पूर्व सीएम विलासराव देशमुख के बेटे एवं बॉलीवुड के मशहूर एक्टर रितेश देशमुख और उनकी पत्नी जेनेलिया देशमुख को महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है।
बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति में निगम ने बताया कि रितेश और जिनेलिया अगले पांच सालों तक ब्रांड एंबेसडर के रूप में कार्य करेंगे और सड़क सुरक्षा, यात्री जागरूकता तथा सामाजिक संदेशों से जुड़े अभियानों में भाग लेंगे। उनकी नियुक्ति को औपचारिक रूप देने संबंधी करार पर मंत्रालय में हस्ताक्षर किए गए जहां मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक मौजूद थे।
रितेश देशमुख अपनी पत्नी जेनेलिया के साथ।

अधिकारियों ने बताया कि रितेश और जिनेलिया एमएसआरटीसी के अभियानों में सक्रिय रूप से भाग लेंगे। एमएसआरटीसी ने 2023 में प्रसिद्ध मराठी अभिनेता मकरंद अनासपुरे को अपना ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया था, लेकिन वह निगम के कार्यक्रमों में कम ही दिखाई दिए। दिवंगत अभिनेता विक्रम गोखले दो दशक पहले निगम के ब्रांड एंबेसडर थे। एमएसआरटीसी देश का सबसे बड़ा सड़क परिवहन निगम है, जिसके पास 16,000 से अधिक बसों का बेड़ा और करीब 86,000 कर्मचारी है। हर दिन 55 लाख से अधिक यात्री इसकी बसों से यात्रा करते हैं।
महाराष्ट्र सरकार ने रितेश देशमुख को ऐसे वक्त पर ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है जब उनकी राजा शिवाजी फिल्म आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *