मुंबई : मुंबई के गोराई स्थित एक होटल में हनीट्रैप का शिकार एक बैंक मैनेजर हो गया। बैंक मैनेजर से करीब 4.25 लाख रुपये की चोरी कर ली गई। चोरी के आरोप में दो महिलाओं बिमला सिंह उर्फ हनी ठाकुर और रूथ नायडू को गोराई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों मालवणी की निवासी हैं। पुलिस की जांच में इनकी माॅड्स ऑपरेंडी का भी खुलासा हुआ है।
एफआईआर के अनुसार, शिकायतकर्ता 43 वर्षीय बैंक मैनेजर हैं। वह वर्ली में रहता है। उनकी मुलाकात हनी ठाकुर से सोशल मीडिया पर हुई थी। बातचीत के बाद दोनों ने मिलने का तय किया और 30 अगस्त को गोराई के एक होटल में पहुंचे, जहां हनी अपनी साथी रूथ को भी साथ लाई थी। आरोप है कि रात में साथ खाना-पीना हुआ और सो गए। अगली सुबह मैनेजर जब जागे तो दोनों महिलाएं गायब थीं। उनका मोबाइल, सोने के आभूषण, मंहगी घड़ी और नकदी समेत कुल 4.25 लाख रुपये का सामान गायब थे। शुरुआत में सामाजिक बदनामी के डर से पीड़ित ने शिकायत नहीं की, लेकिन बाद में अन्य मामलों की जानकारी मिलने पर मैनेजर ने गोराई पुलिस में दो दिन पहले रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी संदीप जाधव की अगुवाई में पुलिस ने केस की जांच की और दोनों महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बोरीवली कोर्ट ने दोनों को पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि ये महिलाएं सोशल मीडिया के जरिए लोगों से संपर्क करती थीं। प्रोफाइल देखकर उनसे दोस्ती करती और फिर होटल में बुलाती थीं। वहां मौका देखकर नशा देकर उनका कीमती सामान लेकर फरार हो जाती थीं।दोनों महिलाओं के खिलाफ पहले भी काशीमीरा और मांडवी पुलिस थाने में केस दर्ज हैं।