मुंबई : महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले के गंगापुर थाना क्षेत्र में बीच सड़क पर वाहन रुक जाने के विवाद में एक युवक का प्राइवेट पार्ट काट दिया गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश में जुट गई है।
घटना शनिवार रात गंगापुर- लासुर रोड पर शिंदेवाडी गांव के पास हुई। एक 32 वर्षीय युवक अपने ‘मिनी पिक-अप’ वाहन में सामान पहुंचाकर एक दोस्त के साथ लौट रहा था। लौटने के दौरान तकनीकी खराबी के कारण वाहन एक मोड़ पर रुक गया। तभी वहां से गुजर रही एक वैन की उससे टक्कर होते-होते बची। इसके बाद दोनों वाहन में सवार लोगों के बीच झगड़ा शुरू हो गया तो पीड़ित भागने लगा। तब वैन में सवार छह से सात लोगों ने उसका पीछा किया और पकड़कर उसकी पिटाई कर दी और उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया। सभी उसे सड़क पर छोड़कर भाग गए।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया और उसे इलाज के लिए गंगापुर उप-जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना में शामिल आरोपी फिलहाल फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।