मुंबई : महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के मानखुर्द पुलिस स्टेशन में 17 साल के नाबालिक लड़के ने एक 19 साल की युवती पर अपहरण और यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है।
मानखुर्द पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपी युवती के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की प्रासंगिक धाराओं और भारतीय न्याय संहिता के तहत अपहरण की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी युवती फरार है। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
मानखुर्द पुलिस का कहना है कि आरोपी युवती एकतरफा प्यार के चलते लड़के पर शादी का दबाव बना रही थी। जब उसने इनकार कर दिया तो उसने इस वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित लड़का और आरोपी युवती एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं। आरोप है कि पिछले साल अगस्त में आरोपी युवती ने नाबालिग लड़के को बहला-फुसलाकर अपने घर बुलाया और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं युवती ने उसे धमकी दी कि यदि उसने इस बारे में किसी को बताया तो अंजाम बुरा होगा।