ईश्वर ने पहले ही तय कर दिया है कि मुंबई में महायुति का महापौर बनेगा : फडणवीस

मुंबई : ईश्वर ने पहले ही तय कर दिया है कि मुंबई में महायुति का महापौर बनेगा। यह कहना है महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का। वह बीएमसी चुनाव पर जीत हासिल करने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर निशाना साध रहे थे। पुणे में पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि बीजेपी-शिंदे युति ने 118 सीटें जीतकर ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया है। जीत को रिकॉर्ड तोड़ बताते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि ऐसे में कौन क्या बोलता है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, ईश्वर ने मुंबई में महायुति का महापौर तय कर दिया है। उन्होंने आगे कहा कि बीएमसी में 14 सीटों पर बेहद कम अंतर से हार हुई। इसके बावजूद महायुति को पूर्ण बहुमत मिला है।
उन्होंने कहा कि जब संयुक्त शिवसेना हमारे साथ थी, तब भी पिछले तीन चुनावों में इतनी सीटें नहीं मिली थीं। इस बार हमने नया रिकॉर्ड बनाया है। विपक्ष पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि घर बैठकर विपक्ष तैयार नहीं होता, जनता के बीच जाकर काम करना पड़ता है। टिकट वितरण पर उन्होंने स्पष्ट किया कि सिर्फ 10 फीसदी बाहरी लोगों को टिकट दिया गया है बाकी के 90 फीसदी टिकट कार्यकर्ताओं को दिए है।
शिंदे सेना ने मुंबई मेयर के एक कार्यकाल की मांग पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि वे उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर निर्णय लेंगे। हम सब मिलकर बीएमसी को बेहतर ढंग से चलाकर दिखाएंगे। शिंदे गुट को कम सीटें मिलने के बाबत मुख्यमंत्री ने कहा कि कई सीटों पर बेहद कम मार्जिन से हार हुई है। उन्हें अच्छी सफलता मिली है, हालांकि उम्मीद से कुछ कम सीटें आईं। नगरसेवकों को होटल में ठहराने की खबरों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि कहीं कोई भगदड़ नहीं है, सभी निर्णय मिल-बैठकर लिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *