महाराष्ट्र/पालघर : महाराष्ट्र के पालघर में शनिवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक सब कुछ हिलने लगा। सब भागने लगे तो पता चला भूकंप आया। लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.2 आंकी गई है। हालांकि किसी तरह की जनहानि की खबर नहीं मिली है। भूकंप के झटके लगते ही लोग अपने घरों और प्रतिष्ठानों से बाहर निकलकर भागे और काफी समय तक अंदर आने की हिम्मत नहीं जुटा सके। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार भूकंप का समय शाम 7 बजकर 10 मिनट नोट किया गया।
भूकंप का केंद्र 5 किमी गहराई में बताया गया है। इससे पहले शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.3 आंकी गई और इसका केंद्र ताजिकिस्तान में था। स्थानीय मौसम विभाग के डायरेक्टर मुख्तार अहमद ने बताया कि गुरुवार की मध्य रात्रि 2.44 बजे रिक्टर स्केल पर 5.3 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप का केंद्र ताजिकिस्तान में था और यह धरती की सतह से 110 किलोमीटर अंदर आया। इसके कोऑर्डिनेट्स 38.26 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 73.42 डिग्री पूर्वी देशांतर थे। जम्मू-कश्मीर में भी झटके महसूस किए गए, हालांकि अभी तक कहीं से भी किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई खबर नहीं है।