मुंबई : टाटा मेमोरियल अस्पताल मुंबई में बम रखे जाने की धमकी एक ईमेल से 5 जनवरी को दी गई और अस्पताल में हड़कंप मच गया। ईमेल में दावा किया गया था कि अस्पताल परिसर में बम रखा गया है। सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने तुरंत मुंबई पुलिस को इसकी जानकारी दी। मुंबई पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, अस्पताल में बम होने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गईं। सूचना पाकर मुंबई पुलिस की कई टीमें, बम निरोधक दस्ता (बम स्क्वॉड) और अन्य सुरक्षा इकाइयां मौके पर पहुंची। फिलहाल अस्पताल में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है। बम स्क्वॉड द्वारा बारीकी से जांच की जा रही है। मुंबई पुलिस ने बताया कि धमकी भरा ईमेल किसने भेजा, उसका मकसद क्या है और यह किसी शरारत का हिस्सा है या किसी बड़ी साजिश से जुड़ा है। इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। साइबर सेल भी ईमेल की तकनीकी जांच में जुट गई है ताकि मेल भेजने वाले की पहचान की जा सके।
जानकारी के अनुसार, अभी तक किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर हर पहलू से जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले, 18 दिसंबर को मुंबई के बांद्रा कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। 1 दिसंबर को मुंबई के सांताक्रूज इलाके में स्थित एक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी भेजी गई थी।