नए साल को लेकर मुंबई में मेट्रो लाइन-3 एक्वा लाइन पूरी रात चलेगी

मुंबई : नए साल को लेकर मुंबई मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एमएमआरसी) ने घोषणा की है कि मेट्रो लाइन-3 (एक्वा लाइन) पूरी रात चलेगी। बाहर घूमने, पार्टी करने या दोस्तों-रिश्तेदारों से मिलने वालों को अब जल्दी घर लौटने की टेंशन नहीं होगी। एमएमआरसी के मुताबिक, 31 दिसंबर की रात 10:30 बजे के बाद से यह खास नाइट सर्विस शुरू होगी और 1 जनवरी 2026 की सुबह 5:55 बजे तक लगातार चलती रहेगी। इसके बाद सुबह 5:55 बजे से मेट्रो की नियमित सेवाएं फिर से शुरू हो जाएंगी।


एक्वा लाइन मुंबई की एक अहम मेट्रो लाइन है, जो शहर के कई महत्वपूर्ण इलाकों को जोड़ती है। पूरी रात मेट्रो चलने से न सिर्फ जश्न मनाने वालों को फायदा होगा, बल्कि नाइट शिफ्ट में काम करने वाले लोग, होटल स्टाफ, सुरक्षा कर्मी, और इमरजेंसी सेवाओं से जुड़े कर्मचारी भी आसानी से यात्रा कर सकेंगे।
एमएमआरसी ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की पहले से योजना बनाएं और मेट्रो सेवाओं का सही तरीके से इस्तेमाल करें। साथ ही, यात्रियों से यह भी कहा गया है कि वे स्टेशन पर नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।
31 दिसंबर 2025 की रात को बेस्ट और मुंबई लोकल रेलवे की ओर से विशेष इंतजाम किए गए है। बेस्ट प्रशासन ने बताया, गेटवे ऑफ इंडिया, जुहू चौपाटी, गोराई-बे, मार्वे चौपाटी जैसे इलाकों में जाने वाले यात्रियों के लिए रात 11:00 बजे से 11:30 बजे के बीच अतिरिक्त बस सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। बस रूट नंबर- C-86, 203, 231, एसी बस रूट नंबर- A-21, A-112, A-116, A-247, A-272 और A-294 पर एक्स्ट्रा बसें चलाई जाएंगी। इसके अलावा, ‘हेरिटेज टूर’ बस सेवा 31 दिसंबर की शाम 5:30 बजे से 1 जनवरी 2026 की सुबह तक यात्रियों की प्रतिक्रिया के आधार पर संचालित की जाएगी।

सेंट्रल और वेस्टर्न रेलवे पर भी तय शेड्यूल के बाद विशेष लोकल ट्रेन सेवाएं संचालित की जाएंगी। सेंट्रल रेलवे की मेन लाइन पर सीएसएमटी-कल्याण और कल्याण-सीएसएमटी के बीच एक-एक स्पेशल लोकल रात 1:30 बजे चलेगी। हार्बर लाइन पर सीएसएमटी-पनवेल और पनवेल-सीएसएमटी के बीच भी रात 1:30 बजे स्पेशल ट्रेन उपलब्ध रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *