दिल्ली बम ब्लास्ट : फरीदाबाद से लाल रंग की संदिग्ध कार बरामद

नई दिल्ली : दिल्ली कार धमाका मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध कार को बरामद किया है। पुलिस इस कार की तलाश कर रही थी। फरीदाबाद पुलिस ने खंदावली गांव के पास से संदिग्ध लाल रंग की इको स्पोर्ट्स कार (डीएल 10 सीके 0458) बरामद की। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह कार उमर के नाम पर रजिस्टर्ड है। उमर वही शख्स है, जिस पर दिल्ली ब्लास्ट में इस्तेमाल हुई आई20 कार चलाने का शक जताया जा रहा है। जांच में सामने आया है कि कई सीसीटीवी फुटेज में उमर को आई 20 कार चलाते हुए देखा गया है, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
फरीदाबाद से बरामद संदिग्ध कार।

आईएएनएस न्यूज एजेंसी के अनुसार पुलिस ने बताया कि उमर की यह इको स्पोर्ट्स कार दिल्ली के ही एक पते पर रजिस्टर्ड है और इस सुराग के आधार पर राजधानी में कई स्थानों पर छापेमारी की गई। इससे पहले कार की तलाश में दिल्ली पुलिस ने शहर के सभी पुलिस थानों, चौकियों और सीमा चौकियों को अलर्ट पर रखा था। उत्तर प्रदेश और हरियाणा पुलिस को भी संदिग्ध कार के बारे में जानकारी दी गई थी, और अब पुलिस ने इस कार को फरीदाबाद से ढूंढ निकाला। बता दें कि लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास खड़ी एक कार में 10 नवंबर को यह धमाका हुआ था। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई थी और दर्जनों घायल हो गए।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने दिल्ली ब्लास्ट की जांच के लिए 10 अधिकारियों की एक विशेष टीम का गठन किया। सूत्रों ने बुधवार को बताया कि 10 सदस्यीय विशेष टीम का नेतृत्व एनआईए के एडीजी विजय सखारे करेंगे। इसमें एक आईजी, दो डीआईजी, तीन एसपी और बाकी डीएसपी स्तर के अधिकारी शामिल होंगे।
जांच ​​एजेंसियां सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर रख रही हैं और दिल्ली भर के कई स्थानों से मोबाइल फोन डंप डेटा एकत्र कर रही हैं। साथ ही, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और मुंबई में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों और धार्मिक स्थलों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *