मुंबई : मुंबई में एक बहुत बड़ा साइबर ठगी हुआ है। ठगों ने खुद को सीबीआई और ईडी का अधिकारी बताकर 72 वर्षीय एक बिजनेसमैन से 58 करोड़ रुपए ठग लिए। एक पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि 58 करोड़ रुपए की यह ठगी डिजिटल अरेस्ट से जुड़े मामले में किसी व्यक्ति से की गई सबसे बड़ी ठगी में से एक हो सकती है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच कर रहे महाराष्ट्र साइबर विभाग ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
एक अधिकारी ने बताया कि मौजूदा मामले में जालसाजों ने ईडी और सीबीआई कर्मियों के रूप में 19 अगस्त से आठ अक्टूबर के बीच बिजनेसमैन से संपर्क किया और दावा किया कि उनका नाम मनी लांड्रिंग के एक मामले में सामने आया है।
अधिकारी के मुताबिक, जालसाजों ने पति-पत्नी को वीडियो कॉल के जरिये डिजिटल अरेस्ट कर डराया-धमकाया और अपने बताए बैंक खातों में पैसा जमा करने को कहा। अधिकारी के अनुसार, पीड़ित ने लगभग दो महीने के भीतर आरटीजीएस के माध्यम से कई बैंक खातों में 58 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए। उन्होंने बताया कि उन्हें जब एहसास हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है, तो उन्होंने साइबर पुलिस से शिकायत की।