सप्ताह के अंत में मुंबई के कई इलाकों में होगी हल्की बारिश

मुंबई : मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि सप्ताह के अंत तक मुंबई और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश होगी। राज्य में भी कुछ जगहों पर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। दिवाली के दौरान मुंबई में बारिश न होने का अनुमान था। हालांकि अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण मंगलवार को लक्ष्मी पूजन के दिन मुंबई और आसपास के इलाकों में बारिश हुई। इससे दिवाली का उत्साह फीका पड़ गया।
मंगलवार को मुंबई, ठाणे, कल्याण, डोंबिवली, नवी मुंबई, अंबरनाथ-बदलापुर, वसई-विरार इलाकों में मौसम गर्म रहा। दोपहर बाद बादल छाने लगे। इसके बाद मुंबई-महामुंबई इलाकों में हल्की हवाएं चलीं और बारिश हुई। शाम को अचानक हुई बारिश से लक्ष्मी पूजन की खरीदारी के लिए घरों से निकले लोगों में भागदौड़ मच गई। व्यापारियों को भी भारी नुकसान झेलना पड़ा।

दिवाली के मौके पर सड़कों पर सामान बेचने वाले विक्रेताओं को बारिश के कारण नुकसान हुआ। अचानक हुई बारिश से सड़कों पर जाम लग गया। वाहनों की गति धीमी हो गई। पटाखा व्यापारियों को बारिश से भारी नुकसान हुआ और उनका सामान भी खराब हो गया। साथ ही दिवाली के दौरान हुई बारिश के कारण कुछ इलाकों में बिजली सप्लाई बाधित होने से लोगां को भी परेशानी उठानी पड़ी। काम से घर लौट रहे लोग भी बारिश से प्रभावित हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *