मुंबई : दिवाली की रात आग लग जाने से नवी मुंबई में खुशियों का माहौल गम में बदल गया। आग लगने की वजह से छह लोगों की मौत हो गई है। ये मौतें वाशी और कामोठे में आवासीय भवनों में लगी भीषण आग के चलते हुई हैं। दोनों घटनाओं में अब तक छह लोगों की जान चली गई है और दस से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। मंडल अग्निशमन अधिकारी पुरुषोत्तम जाधव ने बताया कि मंगलवार आधी रात के बाद वाशी के सेक्टर 14 स्थित एमजी कॉम्प्लेक्स स्थित रहेजा टावर की 10वीं मंजिल के एक अपार्टमेंट में भीषण आग लग गई।

आग ऊपरी दो मंजिलों पर स्थित दो अपार्टमेंटों तक फैल गई। आग में चार लोगों की मौत हो गई। इनमें 11वीं मंजिल पर रहने वाली 84 वर्षीय महिला और 12वीं मंजिल पर रहने वाली 6 साल की बच्ची और उसके माता-पिता शामिल हैं।
जाधव ने कहा कि आग लगने की सूचना देर रात 12.40 बजे मिली। वाशी, नेरुल, कोपरखैराने और ऐरोली से दमकल गाड़ियां आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचीं। तीनों अपार्टमेंट में चार लोग झुलसे हुए पाए गए। 10 निवासियों को बचा लिया गया और चूंकि उन्हें मामूली जलन हुई थी और उन्होंने आग के धुएं के कारण घुटन की शिकायत की, उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया।