महाराष्ट्र : महाराष्ट्र के वाशिम जिले में समृद्धी महामार्ग पर जऊलका पुलिस स्टेशन के अंतर्गत डव्हा के पास शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना में म्यांमार के तीन नागरिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। हादसे का शिकार हुई इनोवा कार मुंबई से ओडिशा के जगन्नाथ पुरी दर्शन के लिए जा रही थी। कार में सवार सभी लोग म्यांमार के निवासी थे। रात के समय तेज रफ्तार के कारण चालक का कार पर नियंत्रण छूट गया और कार सीधे सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस ने घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।