पटना : अपनी गायिकी से श्रोताओं के दिलों में राज करने वाली लोकगायिका मैथिली ठाकुर बिहार में चुनाव लड़ेगी। चुनाव लड़ने के लिए आज 14 अक्टूबर को मैथिली बीजेपी में शामिल भी हो गई। मैथिली ने बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार जायसवाल की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ली। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि लोकगायिका मैथिली ठाकुर को पूरी दुनिया सलाम करती है। मिथिला की बेटी ने कम उम्र में पूरी दुनिया में नाम किया है। भाजपा उनका स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि एनडीए की सरकार नीतीश कुमार और पीएम मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रही है। बिहार का वोटर एक बार फिर एनडीए की सरकार बनाएगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। एनडीए ने सबसे पहले सीटों की घोषणा कर दी। विपक्ष हताशा और डिप्रेशन में है। विपक्ष अफवाह फैलाने की कोशिश कर रहा है, पर हकीकत सब जानते हैं।
भाजपा में शामिल होने के बाद मैथिली ठाकुर ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार में एनडीए से काफी प्रभावित हूं। इसलिए मैंने भाजपा ज्वाइन की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा प्रेरणा देते हैं। मुझे प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में काम करके खुशी होगी। इस दौरान उन्होंने छठी मैया का भजन भी गाकर सुनाया।
ज्ञात हो कि बिहार में दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को मतदान होंगे। चुनावी नतीजों की घोषणा 14 नवंबर को होगी।