News24mumbai Desk
कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बंगाल के दुर्गापुर में एक निजी मेडिकल कॉलेज की एमबीबीएस छात्रा के साथ कथित सामूहिक बलात्कार के मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। बनर्जी ने घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त करते हुए निजी मेडिकल कॉलेजों को अपनी छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी लेने की बात कही। सीएम ममता बनर्जी ने कहा, “लड़की एक निजी मेडिकल कॉलेज में पढ़ रही थी। इसकी जिम्मेदारी किसकी है? निजी मेडिकल कॉलेजों से अपेक्षा की जाती है कि वे अपने छात्रों, खासकर छात्राओं की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें। रात में उन्हें बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।”
उन्होंने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जोर देकर कहा कि पश्चिम बंगाल में ऐसी घटनाओं के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाती है और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाएगी।