मुंबई : महाराष्ट्र मुंबई से सटे मीरा रोड इलाके के एक सैलून कर्मी को मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस ने एक बुजुर्ग की गर्दन दबाकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि सैलून कर्मी ने सोने की चेन के लिए बुजुर्ग की गर्दन दबा दी और शव को ठिकाने लगा दिया। लेकिन पुलिस से वह बच नहीं पाया। मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस ने सैलून कर्मी को सीसीटीवी फुटेज की मदद से दबाेच लिया है। जानकारी के अनुसार मीरा रोड के गौरव गैलेक्सी फेज-01 में रहने वाले 75 साल के विठ्ठल बाबूराव तांबे 16 सितंबर को रहस्यमय तरीके से लापता हो गए थे। परिवार ने इसके बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट काशीमीरा पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई थी। पुलिस ने बुजुर्ग के लापता होने की जांच शुरू की थी। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पुलिस ने पाया कि तांबे को आखिरी बार एमआईडीसी रोड स्थित सागर सैलून में जाते हुए देखा गया था। पुलिस ने इसके बाद सैलून को जांच के दायरे में लिया। आगे की तलाश में सामने आया है कि 17 सितंबर की रात करीब 3 बजे फुटेज में एक व्यक्ति को किसी शव को घसीटते हुए सैलून से बाहर ले जा रहा है।
पुलिस ने संदेह के आधार पर जब सैलून चालक असफाक इशाक शेख (39) से पूछताछ की गई तो उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने कबूल किया कि बुजुर्ग तांबे उसके सैलून में आए थे। पुलिस की पूछताछ में उसने कबूला कि उनके गले में सोने की चेन देखकर उसने हत्या की योजना बनाई थी। मौका पाकर उसने तौलिए से उनका मुंह-नाक दबाकर और गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। बाद में सोने की चेन निकाल ली और रात के अंधेरे में शव को पास ही गटर में फेंक दिया। पुलिस ने गटर से शव बरामद करने के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103, 238 और 309(6) के तहत मामला दर्ज किया है।