मुंबई : नवी मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने पनवेल क्षेत्र के एक लॉज में छापा मारकर चल रहे देह व्यापार के रैकेट का पर्दाफाश किया। कार्रवाई के दौरान दो महिलाओं को सुरक्षित मुक्त कराया गया, जबकि लॉज के मैनेजर, एक वेटर और एक दलाल को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लॉज में अवैध रूप से देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापा मारा, जहां महिलाओं का यौन शोषण कर उनसे देह व्यापार कराया जा रहा था। मौके से पीड़ित महिलाओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (रोकथाम) अधिनियम (PITA) तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस रैकेट से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा क्या इसके तार अन्य शहरों से भी जुड़े हुए हैं।