ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार किया जाए, तीन राज्यों में फिर चुनाव हों: उद्धव ठाकरे

मुंबई : शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने और गिरफ्तार करने की मांग की है। मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस में ठाकरे ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार केंद्र सरकार के इशारे पर काम करते हुए लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रहे हैं और राजनीतिक दलों में फूट डालने का काम कर रहे हैं।
ठाकरे ने एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि चुनाव आयोग के दो अन्य आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने आयोग के फैसलों पर कई बार आपत्तियां दर्ज की थीं। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों आयुक्तों ने 10 महीनों में 14 मौकों पर आपत्ति जताई थी। ठाकरे ने कहा कि इन खुलासों से विपक्ष द्वारा चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर उठाए जा रहे सवालों को बल मिला है।
उन्होंने महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में हुए पिछले विधानसभा चुनावों को रद्द कर बैलेट पेपर से दोबारा चुनाव कराने की मांग भी की। ठाकरे ने दोनों चुनाव आयुक्तों से कथित तौर पर गलत लिए गए फैसलों को रद्द करने की अपील करते हुए सभी विपक्षी दलों से लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा के लिए एकजुट होने को कहा। हालांकि, चुनाव आयोग ने आंतरिक मतभेदों से जुड़ी रिपोर्टों पर कहा है कि उसके प्रमुख फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं और आंतरिक विचार-विमर्श में अलग-अलग राय आना निर्णय प्रक्रिया का हिस्सा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *