मुंबई : मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चेंबूर में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब ₹2.04 करोड़ कीमत की 681 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स बरामद की है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10:30 बजे एमएचएडीए कॉलोनी रोड पर नियमित गश्त के दौरान दोनों संदिग्धों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास 333 ग्राम तथा दूसरे के पास 348 ग्राम मेफेड्रोन बरामद हुई। बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत ₹2 करोड़ 4 लाख 30 हजार बताई गई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह ड्रग्स किस गिरोह से जुड़ी है और इसकी सप्लाई मुंबई के किन इलाकों में की जानी थी। साथ ही पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।