नई दिल्ली : राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में 25 मई को आयोजित नागरिक अलंकरण समारोह-1 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 66 प्रतिष्ठित हस्तियों को पद्म पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया। समारोह में 2 पद्म विभूषण, 6 पद्म भूषण और 58 पद्म श्री पुरस्कार प्रदान किए गए।
पद्म विभूषण
हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण प्रदान किया गया। यह सम्मान उनकी पत्नी एवं अभिनेत्री हेमा मालिनी ने ग्रहण किया। विख्यात वायलिन वादक डॉ. एन. राजम को हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत को वैश्विक पहचान दिलाने में उनके 75 वर्षों के योगदान के लिए पद्म विभूषण प्रदान किया गया।
पद्म भूषण
पद्म भूषण सम्मान पाने वालों में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, उद्योगपति उदय कोटक, विज्ञापन जगत के दिग्गज पीयूष पांडेय (मरणोपरांत), वरिष्ठ नेता प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा (मरणोपरांत), अवधान कला के आचार्य डॉ. आर. गणेश तथा प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. कल्लिपट्टी रामासामी पलानिस्वामी शामिल रहे। प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा का सम्मान उनके पुत्र अजय मल्होत्रा ने ग्रहण किया।
पद्म श्री
पद्म श्री पुरस्कार पाने वालों में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर भुल्लर और पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता ऊंची कूद खिलाड़ी प्रवीण कुमार प्रमुख रहे।
वरिष्ठ हॉकी कोच बलदेव सिंह, तबला वादक कुमार बोस, अभिनेता प्रोसेनजीत चटर्जी, आईपीएस अधिकारी के. विजय कुमार, कुचिपुड़ी नृत्यांगना दीपिका रेड्डी, तमिल लेखिका शिवशंकरी सहित कई हस्तियों को भी पद्म श्री से सम्मानित किया गया।
समारोह में कला, साहित्य, चिकित्सा, समाज सेवा, कृषि, खेल, शिक्षा और लोक परंपराओं से जुड़े अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में भोजपुरी लोक गायक भरत सिंह भारती, लोक कलाकार गफरुद्दीन मेवाती जोगी, तबला वादक मीर हाजी कासम, कृषि वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार सिंह, पर्यावरणविद हैली वार, पुरातत्वविद डॉ. नारायण व्यास, चिकित्सक प्रो. श्याम सुंदर समेत कई नाम शामिल रहे।
समारोह में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।